+91-9650-1499-67Mon-Sun: 10:00 AM - 7.00 PM
  • Home
  • Dehradun City Chardham Yatra 2023 Update Regarding Kedarnath Heli Services Fare
Chardham Yatra 2023: केदारनाथ हेली सेवाओं के किराए को लेकर बड़ी अपडेट, किराए को लेकर बन रहा नया प्‍लान

Chardham Yatra 2023: केदारनाथ हेली सेवाओं के किराए को लेकर बड़ी अपडेट, किराए को लेकर बन रहा नया प्‍लान

राज्य ब्यूरो, देहरादून: Chardham Yatra 2023: अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विभाग भी तैयारियों में जुट गया है।

शासन के निर्देश पर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ व हेमकुंड साहिब में हेली सेवा संचालन को टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस टेंडर प्रक्रिया में सभी हेली कंपनियां तीन वर्ष के लिए अनुमानित किराया बताएंगी। टेंडर में दर्ज किराये का अध्ययन करने के बाद हेली सेवाओं का किराया तय किया जाएगा।

केदारनाथ व हेमकुंड साहिब के लिए संचालित होती हैं हेली सेवाएं

प्रदेश में हर साल चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ व हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवाएं संचालित होती हैं। केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं केदारघाटी के फाटा, सिरसी और गुप्तकाशी में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड से संचालित की जाती हैं।

दूरी के हिसाब से इनका किराया तय किया जाता है। हेली कंपनियों को संचालन की अनुमति देने से पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की टीम हेलीपैड का मौका मुआयना करती हैं। व्यवस्था सही पाए जाने के बाद हेली कंपनियों का किराया तय किया जाता है। अप्रैल में शासन हेली सेवाओं के लिए बुकिंग शुरू कर देता है।

हेली सेवाओं का किराया तय करने के लिए शासन ने वर्ष 2019 में तीन साल के लिए टेंडर किए गए थे। इसमें यह तय किया गया था कि तीन साल तक हेली सेवा का किराया नहीं बढ़ाया जाएगा। इसी आधार पर हेली कंपनियों से अनुबंध भी किया गया था। इस वर्ष अनुबंध की सीमा समाप्त हो चुकी है। ऐसे में नागरिक उड्डयन विभाग ने नए सिरे से किराया तय करने के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं।

सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने बताया कि केदारनाथ हेली सेवा के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद हेली सेवाओं का किराया अगले तीन वर्ष के लिए तय कर दिया जाएगा।

केदारनाथ पैदल पर हर एक किमी में बनेंगे मेडिकल रिलीफ पोस्ट

आगामी यात्रा सीजन में केदारनाथ दर्शनों को आने वाले तीर्थ यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध सरकार प्रतिबद्ध है। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने स्वास्थ्य विभाग को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त मात्रा में आक्सीजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही पैदल मार्ग पर हर एक किमी में एमआरपी (मेडिकल रिलीफ पोस्ट) बनाने को भी कहा।

जिला कार्यालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर बनने वाले सभी एमआरपी पर्याप्त स्टाफ सहित सभी जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं।

इसके साथ ही वहां पर्याप्त मात्रा में आक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो। डा. रावत ने केदारनाथ धाम में चिकित्सालय का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साथ ही कहा कि त्रियुगीनारायण, तुंगनाथ आदि धार्मिक स्थलों पर भी तीर्थ यात्रियों के लिए सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Source : https://www.jagran.com